उन्‍नाव में मासूम के साथ दर‍िंदगी पर सीएम योगी सख्‍त, कहा-दर‍िंंदों पर तत्काल हो कठोर कार्रवाई

लखनऊ, । उन्नाव में नौ वर्षीय बालिका की सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या की घटना को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंभीरता से लिया है। योगी ने दरिंदों को तत्काल गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। कहा है कि वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर अपने निर्देशन में विवेचना कराएं। साथ ही उन्नाव में इस प्रकार के सभी प्रकरणों की विवेचना की समीक्षा किए जाने का निर्देश भी दिया है। 


मुख्यमंत्री ने घटना की शिकार बालिका के परिवारीजन के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए सरकार की ओर से उनकी पूरी मदद किए जाने का भरोसा दिलाया है। उल्लेखनीय है कि उन्नाव के विहार थानाक्षेत्र के एक गांव में फाग देख रही नौ साल की बच्ची को अगवा कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। दरिंदे बालिका को खेत में मरणासन्न अवस्था में छोड़ गए थे। बच्ची को सीएचसी और फिर कानपुर के हैलट अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी मौत हो गई।                                            प्रियंका ने उन्नाव की घटना पर सरकार को घेरा                                                                                                     उन्नाव में नौ वर्ष की मासूम से हैवानियत की घटना पर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका वाड्रा ने प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 'प्रदेश की भाजपा सरकार में बच्चों के साथ अपराध की सबसे ज्यादा घटनाएं घटी हैं। 'प्रियंका ने ट्वीट किया कि... 'क्या सरकार पर इन घटनाओं का कोई असर नहीं पड़ता? नौ साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म हुआ और इलाज के दौरान वो नहीं रही।' प्रियंका ने प्रदेश सरकार से प्रश्न किया आखिर कब तक ऐसे चलेगा।